गुलमर्ग-नत्थाटॉप समेत पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

पर्यटन स्थल गुलमर्ग समेत जम्मू कश्मीर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। वहीं, जम्मू, सांबा, कठुआ, उधमपुर, में रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है। बर्फबारी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिसके चलते सर्दी का अहसास बढ़ गया है।

Nov 10, 2023 - 13:20
 0  351
गुलमर्ग-नत्थाटॉप समेत पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

जम्मू कश्मीर, (आरएनआई) पर्यटन स्थल गुलमर्ग बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है। साधना टॉप, जेड गली, राजधान पास, सिंथन टॉप, मर्गन टॉप, पीर की गली, फरकियां टॉप के साथ-साथ पीर पंजाल की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई। इसके अलावा सोनमर्ग, अफरवट और तोसा मैदान में भी हलकी बर्फबारी दर्ज की गई।

रामबन के मेहाड़ में पहाड़ियों से पस्सियां गिरने के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात रोक दिया गया है। जम्मू कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को इस मार्ग पर अगले आदेश तक यात्रा न करने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पूरे दिन कश्मीर घाटी के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज ऐसे ही बना रहेगा। उन्होंने बताया कि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी रहेगी। पहाड़ी इलाकों में 5 इंच से अधिक बर्फबारी की संभावना है। हालांकि शनिवार को मौसम में हल्का सुधार आने की संभावना है जोकि 16 नवंबर तक रहेगा।

बिगड़े मौसम के मिजाज ने पहाड़ों को फिर बर्फ से लकदक कर दिया है। जम्मू संभाग के जिला उधमपुर के पर्यटन स्थल नत्थाटॉप में ताजा बर्फबारी हुई है। कल शनिवार और फिर रविवार को दिवाली का पर्व है। ऐसे में जम्मू संभाग के सैलानी बड़ी संख्या में नत्थाटॉप पहुंच सकते हैं। उधमपुर की तहसील चिनैनी में बारिश होने और हवाएं चलने से तापमान में काफी गिरावट आई है। ठंड में इजाफा होने से लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना पड़ा है। 

जम्मू संभाग के जिला पुंछ और राजोरी को कश्मीर घाटी के शोपियां जिले से जोड़ने वाले मुगल रोड पर ताजा बर्फबारी हुई है। इसके चलते इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है। 

राजदान टॉप पर ताजा बर्फबारी के बाद 85 किलोमीटर लंबी बांदीपोरा-गुरेज सड़क को अस्थायी रूप से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि राजदान टॉप पर करीब डेढ़ इंच ताजा बर्फबारी हुई है जिसके कारण सड़क पर यातायात अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि तुलैल समेत गुरेज घाटी के ऊंचाई वाले कुछ हिस्सों में भी ताजा बर्फबारी हुई है।

हिमपात के चलते सैलानियों के चेहरे खिल गए हैं।पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी खुशी का माहौल है। बर्फबारी के बाद पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आमद बढ़ जाती है।

घाटी में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला और दोपहर के बाद कुछ मैदानी इलाकों में हलकी बारिश जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई। साथ ही मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाओं का असर देखने को मिला। इससे ठंड में बढ़ोतरी हो गई।

Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.