‘वन नेशन वन इलेक्शन लागू करेंगे’:राजनाथ सिंह

खंडवा में राजनाथ सिंह बोले ‘डायनासोर की तरह लुप्त हो जाएगी कांग्रेस’,

Apr 30, 2024 - 22:56
Apr 30, 2024 - 22:56
 0  270
‘वन नेशन वन इलेक्शन लागू करेंगे’:राजनाथ सिंह

खंडवा (आरएनआई) केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि मोदी जी की सरकार ने पिछले 10 वर्षों में जो काम किया है, देश की जनता को उसका एहसास है। आज जब भारत कुछ बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने पर वन नेशन वन इलेक्शन सिस्टम लागू किया जाएगा। वहीं कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि वो डूबता हुआ जहाज़ है और जैसे धरती से डायनासोर लुप्त हो गए हैं, कांग्रेस भी लुप्त हो जाएगी।

राजनाथ सिंह ने कहा ‘रामराम का आग़ाज़ होकर रहेगा’
खंडवा के मांधाता में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। आज भारत का क़द दुनिया में तेज़ी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी चाहती है कि देश में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होने चाहिए। अब हमारी सरकार बनेगी तो हम संशोधन कर ये चुनाव एक साथ कराने की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने कहा कि हम एक देश-एक चुनाव की व्यवस्था लागू करेंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में महाकाल, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, सोमनाथ और भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर का उद्घाटन हुआ। मुझे लगता है कि अब रामलला अपनी कुटिया से निकलकर अपने महल में प्रवेश कर चुके हैं और मुझे विश्वास है कि अब रामराम का आग़ाज़ होकर रहेगा।

‘कांग्रेस डूबता जहाज़, डायनासोर की तरह लुप्त हो जाएगी’
राजनाथ ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में तो करिश्मा हो गया। गुजरात के सूरत में बीदेजी प्रत्याशी निर्विरोध जीत गया। और अब इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी ने वहाँ से त्यागपत्र देकर हमारी पार्टी में आ गए हैं। ये है भारतीय जनता पार्टी के प्रति जनता का अगाध प्रेम है जो लगातार बढ़ता जा रहा है। लेकिन कांग्रेस के लोग कहते हैं कि ये लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा ख़तरा है। अगर सूरत में बीजेपी का प्रत्याशी निर्विरोध जीत जाता है तो क्या ये लोकतंत्र के लिए ख़तरा हो गया। अगर ऐसा है तो आपके लोकसभा प्रत्याशी बीस बार निर्विरोध चुने गए हैं, तब लोकतंत्र के लिए ख़तरा नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि दरअसल कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज़ है, ऐसा जहाज़ है जिसकी तली में छेद हो गया है। अब इस जहाज़ को डूबने से कोई नहीं बचा सकता है। अगर आप दस साल बाद किसी बच्चे से पूछेंगे तो वो कहेंगे कौन सी कांग्रेस। सारे देश से ये लुप्त होती जा रही है। आपने डायनासोर का नाम सुना है लेकिन क्या किसी ने उसे देखा है। मुझे लगता है जैसे धरती से डायनासोर लुप्त हो गया है, वैसे ही यहाँ से कांग्रेस लुप्त हो जाएगी।

रक्षा मंत्री ने कहा ‘महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को भंग कर दिया जाए’
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि जब आज़ादी मिली थी तब महात्मा गांधी ने कहा था कि आज़ादी के लिए कांग्रेस के फंदे तले हमने संघर्ष किया है। अब भारत को आज़ादी मिल गई है, लोकतंत्र की बहाली हो गई है..इसलिए कांग्रेस पार्टी को भंग कर देना चाहिए। लेकिन कांग्रेस के लोगों ने महात्मा गांधी की बात को नहीं माना। मुझे लगता है अब भारत की जनता ने ठान लिया है कि जो महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए भंग कर देना चाहिए, अब जनता उसे समाप्त कर देने पर पूरी तरह आमादा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस आज़ादी के बाद से जनता से कहती आ रही है कि हमारी सरकार बनेगी तो हम ग़रीबी को मिटा देंगे, लेकिन इस काम को कोई भी कांग्रेस सरकार नहीं कर पाई। आज़ाद भारत के इतिहास में पहली बार आठ साल में 25 करोड़ से अधिक लोगों ग़रीबी रेखा से बाहर करने में किसी ने कामयाबी हासिल की है तो मोदी सरकार ने की है।

‘कांग्रेस हमें बदनाम करने की कोशिश कर रही है’
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस हम लोगों पर आरोप लगा रही है कि महंगाई बढ़ गई है। लेकिन सब जानते हैं कि सर्वाधिक महंगाई अगर कभी बढ़ी है तो वो कांग्रेस सरकार में बढ़ी है। हमें बदनाम करने के लिए कांग्रेस झूठे आँकड़े पेश कर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस की सरकार में एक फ़िल्म बनी थी ‘रोटी कपड़ा और मकान’। उस फ़िल्म में गाना था ‘हाय हाय महंगाई मार गई’। ऐसे ही पिपली लाइव फ़िल्म में भी गाना था कि महंगाई डायन खाई जात है। ये दोनों फ़िल्म कांग्रेस के शासनकाल में बनी थी। लोग लगातार देखते हैं कि देश में महंगाई की स्थिति क्या है। इसलिए आज कोई भी महंगाई पर फ़िल्म नहीं बना रहा क्योंकि हमारे शासनकाल में महंगाई कम हुई है।

विकास के लिए बीजेपी को वोट देने की अपील
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जी मोदी जी ने दुनियाभर में योग सहित भारत की विरासत और संस्कृति को फैलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज हम दुनिया में पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और हम सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। हम ऐसे ही बढ़ते रहें तो आने वाले तीन साल में हम दुनिया की टॉप तीन देशों में आकर खड़ा हो जाएगा। बीजेपी की ऐसी ढेरों गतिविधियाँ हैं। राहुल गांधी कहती है कि वो आएगी तो आपकी संपत्ति का सर्वे कराएगी। इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा है कि अमेरिका में लागू विरासत कर को हमारे यहाँ भी लागू करना चाहिए। वो चाहते हैं कि जनता की संपत्ति का 55 फ़ीसदी हिस्सा सरकार के पास चला जाए। दुनिया के बड़े बड़े अर्थशास्त्री कहते हैं कि ये बहुत ख़तरनाक खेल है। वहीं कांग्रेस के समय जितने घोटाले हुए हैं, उनके नाम लेने लगे तो लंबी लिस्ट बन जाएगी। वहीं मोदीजी की सरकार में किसी एक मंत्री पर भी भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने जनता से एक बार फिर बीजेपी को वोट देने की अपील की और कहा कि विकास के लिए भाजपा को समर्थन दें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

211
211