67 करोड़ 34 लाख की लागत से बनेगा आंझी आलमनगर मार्ग, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री और सांसद ने किया भूमि पूजन

Dec 17, 2023 - 22:25
Dec 18, 2023 - 09:26
 0  486
67 करोड़ 34 लाख की लागत से बनेगा आंझी आलमनगर मार्ग,  उच्च शिक्षा राज्य मंत्री और सांसद ने किया भूमि पूजन

शाहाबाद हरदोई । शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र की विधायक और प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात दी है। 24 किलोमीटर आंझी आलम नगर मार्ग निर्माण हेतु रविवार को सांसद के साथ भूमि पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र वासियों से एक बार फिर विकास का वादा दोहराया और सरकार की उपलब्धियां गिनाई। शाहाबाद आंझी रेलवे स्टेशन से आलमनगर मार्ग तकरीबन पूरी तरह से जीर्ण शीर्ण हो चुका था। क्षेत्र वासियों की इस समस्या को दृष्टिगत रखते हुए उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने इसे शासन से स्वीकृत करवाया और 67 करोड़ 34 लाख 51 हजार की धनराशि भी निर्गत करवाई। रविवार को फत्तेपुर गाजी गांव में 24 किलोमीटर आंझी आलम नगर मार्ग के लिए भूमि पूजन किया। इस मौके पर सांसद जयप्रकाश रावत भी मौजूद रहे। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा क्षेत्र वासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए वह सतत प्रयासरत हैं। उनके सामने क्षेत्र की जो भी समस्याएं आईं उन सभी समस्याओं को हल करने का उन्होंने काम किया। चाहे आंझी रेलवे स्टेशन के ओवर ब्रिज की समस्या हो या अन्य समस्याएं। उन्होंने शासन स्तर से धनराशि से निर्गत कराकर विकास कार्य कराए हैं । उन्होंने कहा आंझी आलमनगर मार्ग से गुजरने वाले लोगों को तथा शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस मार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण के लिए वह काफी समय से प्रयासरत थी। उन्होंने इस समस्या के लिए मुख्यमंत्री जी से बात की और मुख्यमंत्री ने आंझी आलमनगर के 24 किलोमीटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी। 67 करोड़ 34 लाख 51 हजार की धनराशि निर्गत की जा चुकी है और आज यहां पर भूमि पूजन कर मार्ग निर्माण के कार्य का शुभारंभ किया जा रहा है। उन्होंने बताया केंद्र और प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों में बिना भेदभाव के सड़कों का जाल बिछाने का कार्य कर रही है, बिना भेदभाव के जनहित की योजनाएं चलाई जा रही हैं। कुल मिलाकर सभी योजनाओं का लाभ हकदारों को दिया जा रहा है। उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया सरकार पानी, सड़क, बिजली, शिक्षा और मनोरंजन के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध है और लगातार इस क्षेत्र में काम किया जा रहा है। सांसद जयप्रकाश रावत ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई और बताया डबल इंजन की सरकार विकास की राह पर चल रही है और जल्द ही एक विकसित भारत देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा सरकार विकसित भारत संकल्प यात्रा निकालकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील कर रही है। उन्होंने बताया पिछली सरकारों में जनकल्याणकारी योजनाओं को पलीता लगाया जा रहा था। बिचौलिए योजनाओं का पूरा फायदा उठाते थे। हकदार और पात्र लोग योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित रह जाते थे। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय, एसडीएम सुश्री पूनम भास्कर, क्षेत्र पंचायत प्रमुख त्रिपुरेश मिश्र, टोडरपुर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि श्यामू त्रिवेदी, अनिल पांडे पिंटू, बार संघ के अध्यक्ष गोविंद राम दीक्षित सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

211
211