मंगलूरू में सुहास शेट्टी की सरेआम हत्या के बाद तनाव; वारदात के बाद सियासत भी तेज
फाजिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुहास शेट्टी की गुरुवार को कुछ हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना CCTV में कैद हुई और वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद शहर में तनाव बढ़ गया। हालांकि मामले में पुलिस ने अलर्ट जारी किया है और आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है।

बेंगलुरु (आरएनआई) कर्नाटक के मंगलूरू में गुरुवार की रात बजरंग दल के कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या कर दी गई, जिसके बाद शहर में तनाव बढ़ गया। बढ़ते तनाव को देखते हुए मंगलूरू पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है। जगह-जगह चेकपोस्ट लगाए गए हैं। वहीं बाजपे पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है और कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं। साथ ही पुलिस जांच कर रही है कि यह हत्या पुरानी दुश्मनी का नतीजा है या किसी हालिया घटना से जुड़ी हुई है, जैसे कि कुछ दिन पहले कुदुपु में केरल के एक मजदूर की मॉब लिंचिंग। बता दें कि सुहास शेट्टी एक रोडी शीटर था और 2022 में हुए चर्चित फाजिल मर्डर केस का मुख्य आरोपी भी था।
मंगलूरू के बाजपे इलाके के किन्निकांबला में रात करीब 8:27 बजे यह हमला हुआ। सुहास एक गाड़ी (KA-12-MB-3731) में अपने पांच साथियों संजय, प्रज्वल, अन्वित, लतीश और शशांक के साथ घूम रहा था। तभी एक स्विफ्ट कार और पिकअप ट्रक में सवार 5-6 हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोका, सुहास को बाहर खींचा और तेज़ धारदार हथियारों से हमला किया। उसे गंभीर हालत में एजे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह पूरा हमला सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर गिरे सुहास पर हमलावर बार-बार हथियारों से वार कर रहे हैं, और वहां मौजूद लोग सिर्फ देख रहे हैं। वहीं मामले में वरिष्ठ अधिकारी ADGP आर. हितेंद्र ने कहा कि हमने व्यवस्था कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और हमारी टीमें उन्हें पकड़ने में जुटी हैं।
सुहास शेट्टी की हत्या के बाद राज्य में आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी शुरू हो गई। जहां भाजपा ने इस घटना के पीछे जिहादी मानसिकता बताया है। भाजपा सांसद पीसी मोहन ने कहा कि यह हत्या जिहादी मानसिकता के लोगों द्वारा की गई और कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। वहीं गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि हम किसी को भी बख्शेंगे नहीं। चार टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
सुहास पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह 2022 में फाजिल की हत्या का आरोपी था। फाजिल की हत्या, भाजपा नेता प्रवीण नेत्तारू की हत्या के बदले के रूप में की गई थी। पुलिस जांच में फाजिल की हत्या के पीछे पीएफआई के लोगों की भूमिका पाई गई थी। अब सुहास की हत्या के बाद एक बार फिर तटीय कर्नाटक में तनाव का माहौल बन गया है। हालांकि पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है और हालात पर नजर बनाए हुए है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






