विकास यात्रा नही ये निकास यात्रा है: कांग्रेस

Feb 23, 2023 - 00:02
Feb 23, 2023 - 00:02
 0  4.6k
विकास यात्रा नही ये निकास यात्रा है: कांग्रेस

गुना। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में निकाली जा रही विकास यात्रा को निकास यात्रा बताते हुए कांग्रेस ने जमकर हमला बोला है। पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने बुधवार को राजीव गांधी कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए विकास यात्रा की सरकार की विदाई से जोड़ दिया है और उसे निकास व विनाश यात्रा कहा है। कांग्रेस का दावा है कि विकास यात्रा का आम जनता विरोध कर रही है, इसलिए कांग्रेस को उसका विरोध करने की जरूरत ही नहीं पड़ी। भाजपा के नेता जहां विकास यात्रा लेकर पहुंच रहे हैं, वहां आमजन का आक्रोश उन्हें झेलना पड़ रहा है, जो 2023 में भाजपा की विदाई का स्पष्ट संकेत है।
कांग्रेस का दावा है कि शिवराज सरकार की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उनकी कोई सुनने वाला नहीं बचा है। इसलिए कांग्रेस ने शिवराज को शवराज कहा है, उनकी तुलना शव से कर दी है। कांग्रेस ने चिंता जताई है कि शिवराज सरकार में इस बार भ्रष्टाचार चरम पर रहा है, खुलेआम भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिससे प्रदेशभर की जनता परेशान है और इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए चुनाव का इंतजार कर रही है। कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने का दावा करते हुए कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष ने दावा किया है कि पार्टी ने पोलिंग बूथ, मण्डलम, सेक्टर तक के कार्यकर्ताओं की फौज तैयार कर ली है। हालांकि उनके नाम और सूची इसलिए सार्वजनिक नहीं की जा रही है क्योंकि भाजपा ने भ्रष्टाचार से बहुत पैसा कमा लिया है, संभावना है कि वह कुछ कार्यकर्ताओं को प्रलोभन दे सकते हैं, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रलोभन में नहीं आएंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा बमौरी में कांग्रेस के अलग-थलग पडऩे और गुटबाजी की बात पर मेहरबान सिंह धाकड़ ने पार्टी के बड़े नेताओं की बात को दोहराते हुए कहा है कि जब सिंधिया कांग्रेस में थे, गुटबाजी थी अब कोई गुटबाजी नहीं है। भाजपा सरकार द्वारा लाड़ली बहना योजना का ढिंढोरा पीटने पर मेहरबान सिंह धाकड़ ने कहा कि इस तरह की घोषणाएं भाजपा पहले भी करती आई है, वे सिर्फ घोषणाएं करते हैं, उन्हें पूरी नहीं करते हैं। भाजपा के शासन में गौमाता की दुर्दशा पर भी कांग्रेस ने चिंता जताई है और कमलनाथ सरकार का कार्यकाल याद दिलाया है, जिसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत के भीतर गौशालाएं खोलने के लिए राशि जारी की गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शिवराज सरकार ने गायों पर ध्यान देना बंद कर दिया, जिसका खामियाजा किसानों को खेतों की दिन-रात रखवाली कर उठाना पड़ रहा है। इस अवसर पर नुरूलहसन नूर, मानसिंह परसौदा, केएल अग्रवाल,  विश्वनाथ तिवारी, शेखर वशिष्ठ, रजनीश शर्मा, दीपेश पाटनी, हर्ष मेर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

211
211