सिलेंडर से लगी आग ने 200 झुग्गियों की गृहस्थी जलाकर की राख; घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
लखनऊ के श्याम विहार कॉलोनी में आग लगने से करीब 200 झुग्गियां चपेट में आ गईं। छह गाड़ियों की मदद से दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

लखनऊ (आरएनआई) राजधानी लखनऊ में सोमवार को आग लगने से करीब 200 झुग्गियां चपेट में आईं। तेजी से बढ़ रही आग आवासीय क्षेत्रों की तरफ बढ़ी। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।
घटना फैजुल्लागंज थाना क्षेत्र के श्याम विहार कॉलोनी की है। सूचना पर दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। दमकलकर्मियों के साथ नगर निगम के कर्मी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका के चलते मौके पर पांच एंबुलेस भी बुलाई गई हैं। घंटों की मशक्कत के बाद करीब-करीब आग पर काबू पा लिया गया है।
बताया गया कि झुग्गी में रहने वाले लोग सुबह घर में खाना बना रहे थे। इसी समय एक छोटे सिलेंडर (पांच किग्रा) में आग लग गई। आग छप्पर में फैल गई। तेज हवा के कारण एक के बाद एक झुग्गी में फैलती गई। आग से कई और घरों के सिलेंडर ब्लास्ट हो गए।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब 200 झुग्गियां जलने लगीं। आग की लपटों में फंसे लोग जान बचाकर दूर भागे। लपटें इतनी तेज थीं कि सड़क के दूसरी ओर बने घर तक पहुंच गई। उस घर का भी सामान जल गया।
200 झुग्गियों में रहने वाले लोगों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। परिवार के लोग आंखों के सामने गृहस्थी जलती देख बिलख उठे। लोग उन्हें ढांढस बंधाते रहे। घंटों की मशक्कत के बाद करीब-करीब आग पर काबू पा लिया गया है। कुछ सामान है जो जिसमें अभी आग धधक रही है। उसे बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






