2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सेवा भारती की महत्वपूर्ण भूमिका : सोलंकी

Jul 23, 2023 - 21:14
Jul 23, 2023 - 21:14
 0  702
2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सेवा भारती की महत्वपूर्ण भूमिका : सोलंकी

गुना। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार इसी लक्ष्य को लेकर चल रही है और उसी के अनुरुप जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर कार्य कर रही है। इस लक्ष्य पूर्ति में सेवा कार्यों में अग्रणी रहने वाली संस्था सेवा भारती की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहने वाली है। कारण बिना अंत्योदय के यह लक्ष्य पूर्ण होना संभव नहीं है और सेवा भारती समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान को लिए ही सेवारत है। उक्त विचार सेवा भारती के प्रांत संगठन मंत्री सुरेन्द्र सोलंकी ने व्यक्त किए। सोलंकी रविवार की शाम मानस भवन में सेवा भारती के तत्वावधान में आयोजित सेवा कार्यों में समाज की सहभागिता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर किया। साथ ही सेवा भारती की बहनों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सेवा भारती आश्रम को सेवाभागी लोगों ने गोद भी लिया। इनके माध्यम से अब यहां सेवा कार्य संचालित किए जाएंगे। 
मुख्य वक्ता के रुप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोलंकी ने कहा कि सेवा भारती समाज के  निर्धन, वंचित, निराश्रितों  के बीच उनके उत्थान को लेकर कार्य कर रही है। 35 साल से सेवा का यह क्रम जारी है और वर्तमान में 40 देशों तक सेवा कार्य पहुँच चुका है। एक उल्लेखनीय मुकाम सेवा भारती ने सेवा के क्षेत्र में हासिल किया है। सेवा भारती द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों को रेंखाकित करते हुए प्रांत संगठन मंत्री ने कहा कि  शिक्षा, सामाजिक, स्वास्थ्य और स्वावलम्बन के क्षेत्र में सेवा भारती सक्रिय है। वह संस्कार केन्द्रों का संचालन कर रही है तो नि:शुल्क भोजनालय, चलित अस्पताल, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने स्वालम्बन केन्द्र आदि चलाए जा रहे है। सेवा भारती के इन सेवा कार्यों ने समाज को प्रेरित करने का काम किया है। 
कोरोना संक्रमण की वीभत्सता का जिक्र करते हुए सोलंकी ने कहा कि तत्समय संसाधन कम पड़ गए थे, सरकारें विवश थे। ऐसे में सेवा भारती के लंबे समय से चले आ रहे प्रयासों से समाज आगे आया और हम उस खौफनाक दौर से उभरने में कामयाब रहे। अब जबकि दुनिया के अन्य देशों के कोरोना संक्रमण ने पीधे धकेल दिया है। तब भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होने कहा कि  जी 20 की  अध्यक्षता भारत कर रहा है। हाल ही मेंं हुई इसकी बैठक में भी यह विषय आया था कि सेवा कार्यों में समाज की सहभागिता आवश्यक है। आज हमारे इस कार्यक्रम का भी यहीं उद्देश्य है। सोलंकी के अनुसार हमें यह ध्यान रखना होगा कि सब कुछ सरकार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता है। सरकार की अपनी सीमाएं है, संसाधन है। उन्ही के अनुरुप वह कार्य कर सकती है। हां यदि समाज की सहभागिता हो तो सेवा कार्यों को काफी विस्तार दिया जा सकता है। इसलिए जरुरी है कि सेवा कार्यों में समाज अपनी सहभागिता निभाए। सेवा के साथ यह कार्य भी सेवा भारती अब कर रही है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वीरेन्द्र सिंह बघेल नेशहर के संभ्रांत वर्ग से सेवा भारती के सेवा कार्यों से जुडऩे का आग्रह करते हुए कहा कि इस वर्ग को सेवा भारती के आश्रम गोद लेना चाहिए। इनमें सहयोग करना चाहिए। कारण इन आश्रम, छात्रावासों में अधिकांशत: समाज का अंतिम छोर के व्यक्ति के बच्चे ही अध्ययनरत है। जिनका उत्थान संपन्न, संभ्रांत वर्ग की भी जिम्मेदारी है। अध्यक्षीय उद्बोधन आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक अखिलेश कुमार गुप्ता ने दिया। मंचासीन अतिथियों में सेवा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. रामवीर सिंह रघुवंशी शामिल रहे। इससे पहले  सेवा भारती का वार्षिक प्रतिवेदन जिला सचिव अखिलेश विजयवर्गीय ने प्र
स्तुत किया। संचालन नगर अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह अहिरवार ने किया एवं आभार भारतीय शिक्षण मंडल के तुलसीदास दुबे ने माना। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी राकेश कुमार सगर ने अपने उद्बोधन में कहा कि नर सेवा नारायण सेवा की भावना के साथ सेवा भारती कार्य कर रही है। यह बताने की जरुरत नहीं है कि संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य अनुकरणीय है, प्रेरणादायक है।  एसपी के अनुसार सेवा कार्यों में समाज का सहयोग जरुरी  है।  अकेले सेवा भारती या सरकार बहुत ज्यादा नहीं कर सकती है।  समाज का आगे आना ही होगा। इसके लिए जरुरी है जिस तरह हम अपने परिवार के लिए कार्य करते है, उसी तरह समाज को परिवार मानते हुए कार्य करें। सगर ने कहा कि हम क्या अच्छा कर रहे है और हमसे क्या गलत हो रहा है?  हमने आज किसकी सेवा की? इसका आत्म चिंतन हमें जरुर करना चाहिए। यकीन मानिए, अगर आप किसी की पीड़ा को दूर करते है, कोई अच्छा कार्य दिन में करते है तो कुछ मिले न मिले, किन्तु रात को आपकों नींद जरुर अच्छी आएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow