पत्नी को छत से उल्टा लटकाने वाला पति गिरफ्तार, शराब के नशे में की थी हैवानियत
आंवला में पत्नी को छत से उल्टा लटकाने के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। आरोपी ने पत्नी को पहले बेरहमी से पीटा था, फिर उसे छत से उल्टा लटका दिया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

बरेली (आरएनआई) बरेली के आंवला में शराबी युवक ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा, फिर उसे छत से उल्टा लटका दिया। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ है। मामले में पीड़िता के भाई ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं। इन आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
बदायूं के थाना वजीरगंज क्षेत्र के निवासी रघुनाथ सिंह ने बताया कि उन्होंने 12 साल पहले अपनी बहन डोली की शादी लठैता मोहल्ला निवासी नितिन सिंह के साथ की थी। बताया कि नितिन शराब पीने का आदी है। वह रोजाना डोली से मारपीट करता है। मायकेवालों ने उसे कई बार समझाया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इस कारण मायका पक्ष के लोगों का यहां आना-जाना भी कम ही था।
आरोपी अक्सर मोहल्ले में भी लोगों से लड़ाई-झगड़ा करता रहता है। मंगलवार रात करीब 10 बजे नितिन सिंह ने किसी बात को लेकर शराब के नशे में डोली को बेरहमी से पीटा, फिर छत से उल्टा लटका दिया। जान से मारने की नीयत से उसे छोड़ दिया। गनीमत रही कि मोहल्ले के लोगों ने उसे बचा लिया। इस घटना के बाद लोगों ने सोशल मीडियो पर वीडियो वायरल कर दिया है। मामले में पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है।
लोगों ने बताया कि विवाहिता को उसके ससुराल वाले मायके ले गए। इससे उसके तीनों बच्चे डरे-सहमे हैं। मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि आरोपी पति शादी के बाद से ही विवाहिता को प्रताड़ित करता था। परिवार न टूटे। इसके लिए वह सबकुछ सहती रहती थी। अपने मायके वालों से अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं करती थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति नितिन कुमार, अमित कुमार व दो महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी पति नितिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम जुट गई है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






