सिक्किम में अचानक आई बाढ़ से अब तक 14 की मौत, 102 लापता

अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम में रात करीब डेढ़ बजे शुरू हुई बाढ़ की स्थिति चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण और बदतर हो गई। लापता लोगों को बचाने के लिए बड़े स्तर पर राहत-बचाव कार्य चलाए गए हैं।

Oct 5, 2023 - 14:50
 0  378
सिक्किम में अचानक आई बाढ़ से अब तक 14 की मौत, 102 लापता

सिक्किम, (आरएनआई) उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील पर बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आने के बाद कम से कम 14 लोगों की मौत की खबर है। वहीं 22 सैन्यकर्मी समेत करीब 102 लोग लापता बताए गए हैं, जिनकी खोज जारी है। 

गुवाहाटी में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र सिंह रावत ने बताया कि 22 लापता सैनिकों का पता लगाने के लिए भारतीय सेना के त्रिशक्ति कोर के जवानों द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है। सिंगताम के पास बुरदांग में कीचड़ में डूबे वाहनों को निकालने की लगातार कोशिशें जारी हैं। लापता व्यक्तियों की तलाश अब तीस्ता नदी के निचले इलाकों में केंद्रित है। शुरुआती 23 लापता जवानों में से एक को 4 अक्टूबर की शाम को बचा लिया गया। लापता लोगों के परिजनों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दे दी गई है।

सिक्किम और उत्तरी बंगाल में तैनात अन्य सभी भारतीय सेना के जवान सुरक्षित हैं और मोबाइल संचार में व्यवधान के कारण वे अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने में असमर्थ हैं। इस बीच, भारतीय सेना ने कई इलाकों में फंसे नागरिकों और पर्यटकों तक मोबाइल कनेक्टिविटी बढ़ाने का काम तेजी से शुरू कर दिया है।

सिक्किम की बिगड़ती स्थिति के बीच पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस गुरुवार सुबह ही सिक्किम के दार्जिलिंग पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। "हालात बहुत चिंताजनक है। लोग पीड़ित हैं, अब भी अनिश्चितता है... हम देख रहे हैं कि जल्द से जल्द क्या निवारक उपाय किए जा सकते हैं। बाढ़ से पहले, बाढ़ के दौरान और बाढ़ के बाद कई चीजें हैं जो आदर्श रूप से की जानी चाहिए, हम उसके लिए तैयारी कर रहे हैं।

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के प्रोजेक्ट स्वास्तिक के तहत उत्तरी सिक्किम के गंभीर रूप से प्रभावित चुंगथांग और मंगन क्षेत्र में राज्य प्रशासन के समन्वय में बचाव कार्यों के साथ-साथ क्षति को कम करने के लिए अभियान जारी है। क्षेत्र में चार महत्वपूर्ण पुल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। 200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

सिक्किम के मंगन जिले के डिक्चु में अचानक बादल फटने के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान जारी है। 100 से अधिक लोगों को पास के सरकारी स्कूल के राहत शिविर में पहुंचाया गया।

मरने वालों की पहचान जाहिर नहीं की है, हालांकि इनमें अधिकतर आम नागरिक हैं। उन्होंने बताया कि सुबह लापता हो गए सेना के 23 जवानों में से एक को बाद में बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम में रात करीब डेढ़ बजे शुरू हुई बाढ़ की स्थिति चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण और बदतर हो गई।

सिक्किम के मुख्य सचिव वीबी पाठक ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आए 3,000 से अधिक पर्यटकों के राज्य के विभिन्न हिस्सों में फंसे होने की सूचना है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.
211
211